फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर व्हाट्सएप पर ब्लैकमेलिंग की कोशिश नाकाम
👉 थाना सरवन पुलिस की सतर्कता से टला बड़ा साइबर फ्रॉड
प्रेस नोट | दिनांक : 02 फरवरी 2026
सरवन | जिला रतलाम

थाना सरवन क्षेत्र में सायबर अपराधियों द्वारा फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर व्हाट्सएप के माध्यम से ब्लैकमेलिंग करने का गंभीर मामला सामने आया है। थाना प्रभारी सरवन की सतर्कता एवं सूझबूझ से एक फरियादी न केवल बड़े आर्थिक नुकसान से बचा, बल्कि मानसिक शोषण का शिकार होने से भी सुरक्षित रहा।
📌 घटना का संक्षिप्त विवरण
थाना सरवन अंतर्गत एक फरियादी को एक अज्ञात युवती द्वारा व्हाट्सएप वीडियो कॉल किया गया। कॉल के दौरान युवती द्वारा अश्लील हरकतें करते हुए फरियादी को बातचीत में उलझाया गया। इसके अगले दिन एक अन्य व्यक्ति ने स्वयं को डीएसपी बताते हुए फरियादी को कॉल किया और धमकी दी कि उसके विरुद्ध गंभीर अपराध की शिकायत दर्ज हो चुकी है।
कथित फर्जी अधिकारी ने फरियादी को तत्काल गिरफ्तारी व जेल भेजने की धमकी देते हुए दबाव बनाया तथा कहा कि यदि कार्रवाई से बचना है तो उसकी शर्तें माननी होंगी। धमकियों से घबराकर फरियादी ने अपने परिजनों को पूरी जानकारी दी, जिसके बाद परिजन उसे लेकर तत्काल पुलिस थाना सरवन पहुंचे।

🚔 पुलिस की तत्परता से बचा बड़ा फ्रॉड
थाना प्रभारी अर्जुन सेमलियार ने पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से सुनते हुए फरियादी को समझाया कि यह सायबर अपराधियों की पूर्व नियोजित ठगी की साजिश है। इसमें पहले अश्लील वीडियो कॉल के माध्यम से व्यक्ति को फंसाया जाता है और फिर फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर डराकर पैसों की मांग की जाती है।
थाना प्रभारी की समझाइश से फरियादी को मानसिक संबल मिला और वह एक संभावित बड़े सायबर फ्रॉड से बच सका। मामले की जानकारी तत्काल सायबर सेल रतलाम को भेजते हुए तकनीकी जांच प्रारंभ कर दी गई है।
🛑 सायबर फ्रॉड से बचाव हेतु पुलिस की एडवाइजरी
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर राकेश खाखा के मार्गदर्शन में सायबर सेल रतलाम द्वारा आमजन के लिए निम्न महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की गई है—
✔️ कोई भी पुलिस अधिकारी, डीएसपी, CBI, ED कभी भी व्हाट्सएप या वीडियो कॉल पर गिरफ्तारी की धमकी नहीं देता।
✔️ अश्लील वीडियो कॉल आने पर तुरंत कॉल काटें और स्क्रीनशॉट/रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखें।
✔️ किसी भी अनजान व्यक्ति को अपनी फोटो, वीडियो, OTP या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें।
✔️ फर्जी अधिकारी डराकर पैसे मांगते हैं—घबराएं नहीं, तुरंत पुलिस से संपर्क करें।
✔️ सायबर ठगी की स्थिति में 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
📢 पुलिस की अपील
रतलाम पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि वे इस प्रकार के सायबर अपराधों से सतर्क रहें, किसी भी प्रकार की धमकी या अफवाह से न घबराएं और संदिग्ध कॉल या संदेश की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस थाना या सायबर सेल को दें।
Author: Naradh News24
प्रधान संपादक


