महाकाल लोक की तर्ज पर बनेगा कालिका माता लोक, रतलाम की आध्यात्मिक पहचान को मिलेगा नया दिव्य स्वरूपकैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक, माँ कालिका धाम में भव्य सौंदर्यीकरण की कार्ययोजना पर मंथन ।
📰 नारद न्यूज़ 24 | विशेष रिपोर्ट
रतलाम, 21 जून। सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक धरोहरों के संरक्षण एवं विकास की दिशा में मध्यप्रदेश सरकार एक और ऐतिहासिक कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की घोषणा के अनुरूप अब उज्जैन के विश्वप्रसिद्ध महाकाल लोक की तर्ज पर रतलाम की आराध्य देवी माँ कालिका के धाम को भी दिव्य, भव्य और आधुनिक स्वरूप प्रदान किया जाएगा।
इसी महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री श्री चेतन्य काश्यप की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें महापौर श्री प्रहलाद पटेल, कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं इंजीनियर उपस्थित रहे।

बैठक में प्रस्तुत कार्ययोजना के अनुसार कालिका माता मंदिर परिसर और झाली तालाब क्षेत्र को आध्यात्मिक पर्यटन के दृष्टिकोण से विकसित किया जाएगा। प्रस्तावित योजना में झाली तालाब को अष्टकोणीय स्वरूप प्रदान किया जाएगा, जिसके प्रत्येक कोण पर माँ दुर्गा के दिव्य स्वरूपों की आकर्षक झांकियां स्थापित की जाएंगी।
श्रद्धालु यहाँ माँ दुर्गा के नौ स्वरूप— शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री के दर्शन कर सकेंगे।
इसके साथ ही परिसर में आकर्षक उद्यान, भोजन स्टॉल, विशाल पार्किंग, टॉयलेट ब्लॉक, छायादार मार्ग और आधुनिक सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा, जिससे देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध हो सकेंगी।🙏👉 इस की पूरी ख़बर टीवी यूट्यूब चैनल पर देखने के लिए चैनल को लाईक और सस्क्राइव करें 👇 👇
https://youtube.com/@naradhnews2424

यह परियोजना केवल निर्माण कार्य नहीं बल्कि रतलाम की आस्था, संस्कृति और धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाला एक ऐतिहासिक अध्याय साबित होगी। माँ कालिका की कृपा से यह धाम भविष्य में मालवा अंचल की आध्यात्मिक पहचान का प्रमुख केंद्र बनने की ओर अग्रसर है।
Author: Naradh News24
प्रधान संपादक


