रतलाम में दावत की रंजिश ने ली जान: दिनदहाड़े युवक की चाकू से हत्या, पत्नी के सामने हुई वारदात, तीन गिरफ्तार

रतलाम, 30 जून।
रतलाम जिले के दिनदयाल नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत शनिवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 15 दिन पूर्व हुई दावत में विवाद के चलते चार युवकों ने मिलकर एक युवक की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतक अपनी पत्नी के साथ बाइक से घर लौट रहा था, तभी रास्ते में आरोपियों ने घेर लिया और जानलेवा हमला कर दिया।

घटना का विवरण:
राजेंद्र नगर निवासी अमजद शेख अपनी पत्नी के साथ अरिहंत परिसर की ओर से बाइक पर घर लौट रहे थे। तभी राजा घोसी, गट्टू, हाशिम और अमन घोसी ने रास्ता रोककर पुरानी रंजिश के चलते गाली-गलौज करते हुए अमजद पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया।

हमले में अमजद के पैर, जांघ, हाथ और पेट पर गंभीर वार किए गए। गंभीर रूप से घायल अमजद को पहले जिला अस्पताल फिर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन रात करीब 9 बजे उसने दम तोड़ दिया।


पृष्ठभूमि में दावत का झगड़ा:
15 जून को राजेंद्र नगर में एक दावत के दौरान दो पक्षों में विवाद हुआ था। इस घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर एफआईआर दर्ज कराई थी। अमजद भी इसी विवाद में शामिल था। इस रंजिश का नतीजा शनिवार को हुई हत्या के रूप में सामने आया।

पुलिस कार्रवाई:
हत्या के आरोप में राजा घोसी, गट्टू, हाशिम और अमन घोसी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस पर सवाल:

पुलिस की सख्ती के दावों के बावजूद जिले में खुलेआम चाकूबाजी और हत्या की घटनाएं बढ़ रही हैं। आम जनता का कहना है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस अधीक्षक की कार्यशैली लचर प्रतीत हो रही है।
Author: Naradh News24
प्रधान संपादक


