आलोट विधायक के प्रतिनिधि कन्हैयालाल धाकड़ की संदिग्ध हालात में मौत, बेटे ने जताई हत्या की आशंका
रतलाम, 08 जुलाई।
रतलाम जिले के सरसी गांव निवासी और आलोट विधायक डॉ. चिंतामणि मालवीय के प्रतिनिधि कन्हैयालाल धाकड़ का शव सोमवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। उनका शव सरसी-केरवासा रोड पर मिट्टी के ढेर के पास बाइक के साथ पड़ा हुआ था। इस मामले में परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

मृतक के बेटे अजय धाकड़ ने बताया कि कन्हैयालाल का कुछ दिन पहले गांव के दो लोगों से विवाद हुआ था, जिनमें से एक शहजाद खान गांव में ऑनलाइन सट्टा एप चला रहा है और लोगों को आर्थिक रूप से बर्बाद कर चुका है। बेटे ने इसे सोची-समझी साजिश बताया है और पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
10 दिन पहले हुआ था विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 जून की रात कन्हैयालाल धाकड़ गांव में दो पक्षों के बीच लेनदेन के विवाद को सुलझाने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी शहजाद खान और विनोद खारोल से बहस हो गई थी, जिसमें उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई थी। इस घटना की रिपोर्ट जावरा औद्योगिक क्षेत्र थाने में दर्ज करवाई गई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
पूरी पुरानी खबरों को देखने के लिए दिए गए नारद न्यूज़ 24 चैनल को लाईक और सस्क्राइव करें 👇 👇 👇
https://www.youtube.com/@naradhnews2424
धाकड़ ने अपनी शिकायत में बताया था कि बस स्टैंड पर समझौते की बातचीत के दौरान शहजाद खान ने कहा था—”तू बीच में बोलने वाला कौन होता है?” और इसके बाद मारपीट शुरू हो गई थी।
इस मामले में आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
एसपी से की थी शिकायत, की थी सट्टा कनेक्शन की जांच की मांग
परिजनों द्वारा एसपी अमित कुमार को एक ज्ञापन सौंपा गया था, जिसमें बताया गया कि आरोपी शहजाद खान गांव में ऑनलाइन सट्टा एप के जरिए लोगों को लूट रहा है और अवैध तरीके से बड़ी संपत्ति बना चुका है। इस पूरे नेटवर्क की जांच की भी मांग की गई थी।
मृतक के पुत्र ने बताया कि मेरे पापा की हत्या की गई है,

डॉग स्क्वॉड और एसआईटी मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलने पर मंगलवार सुबह पुलिस की टीम और डॉग स्क्वॉड घटनास्थल पर पहुंचा और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। एएसपी राकेश खाखा ने मौके का निरीक्षण किया।
वहीं, एसपी अमित कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच टीम (SIT) गठित कर दी है। एसपी का कहना है कि सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है और जल्द ही मामले की सच्चाई सामने लाई जाएगी।
पोस्टमार्टम के बाद शव सौंपा गया परिजनों को

धाकड़ के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। गांव में शोक का माहौल है और लोग इस घटना को लेकर आक्रोशित हैं।
संपादकीय टिप्पणी:
यदि मामले में सट्टा कारोबार और राजनीतिक हस्तक्षेप की कड़ियां जुड़ती हैं तो यह न केवल एक हत्या का मामला होगा, बल्कि क्षेत्र में फैले संगठित अपराध की भी पोल खोल सकता है।
Author: Naradh News24
प्रधान संपादक


