अलकापुरी कॉलोनी में मासूम की दर्दनाक मौत, नाबालिग की चलाई कार ने छीनी दो साल की जिंदगी
रतलाम।
शहर की पॉश अलकापुरी कॉलोनी सोमवार सुबह उस समय मातम में बदल गई जब घर के बाहर खेल रहे दो वर्षीय मासूम ऋषिक तिवारी को एक कार ने टक्कर मार दी। बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया और देखते ही देखते कुछ समय में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, मृतक ऋषिक पूर्व क्राइम ब्रांच अधिकारी रमेश तिवारी का पोता था। वह अपने जुड़वां भाई के साथ घर में खेल रहा था। खेलते-खेलते वह घर के बाहर निकल गया। दादी की गोद से कुछ देर पहले ही उतरा था, जब दादी पूजा की थाली लिए हुई थीं।
उसी समय शनि मंदिर की ओर से तेज़ रफ्तार में आ रही एक कार ने उसे टक्कर मार दी। कार 16 वर्षीय नाबालिग चला रहा था, जो पास के ही क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई करता है।

कार उसके पिता की थी, जो सुबह गांव से बेटे से मिलने आए थे। बेटे ने कहा “पापा एक चक्कर लगाकर आता हूं” और कुछ ही देर में यह हादसा हो गया।
घटना के बाद कॉलोनी में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग चालक और उसके पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है — क्या हम बच्चों को कार की चाबी सौंपने से पहले दो बार सोचते हैं?
Author: Naradh News24
प्रधान संपादक


