रतलाम में एमडी ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़: 10 किलो से अधिक नशा, हथियारों का जखीरा बरामद; 16 हिरासत में
नारद न्यूज़ 24 | रतलाम।
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में जिला पुलिस ने नशे के कारोबार पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम देते हुए एमडी ड्रग (मेफेड्रोन) बनाने की अवैध फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। यह कार्रवाई कालूखेड़ा थाना क्षेत्र के चिकलाना गांव में गुरुवार देर रात करीब ढाई बजे की गई।

पुलिस ने मौके से 10 किलो से अधिक एमडी ड्रग, भारी मात्रा में केमिकल रॉ मटेरियल और कई अवैध हथियार बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान 16 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और आगे और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में 200 करोड़ तक की कीमत
रतलाम पुलिस के अनुसार जब्त की गई एमडी ड्रग की कीमत घरेलू बाजार में 20 से 50 करोड़ रुपये आंकी जा रही है, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 100 से 200 करोड़ रुपये तक हो सकती है। इससे यह आशंका गहराई है कि मामला अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है।

☝️ खबर को देखने के लिए 👇 👇 👇
https://youtu.be/hgw0ySMYNRY?si=9ezlCSXCOFK2Fuut
पूरी तरह गोपनीय रही कार्रवाई
ड्रग फैक्ट्री की सूचना मिलने के बाद रतलाम एसपी अमित कुमार के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई।
इस ऑपरेशन का नेतृत्व एएसपी राकेश खाखा, ग्रामीण एएसपी विवेक कुमार लाल और जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय ने किया।
कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय रखा गया था। टीम में शामिल अधिकारियों के अलावा किसी को इसकी जानकारी नहीं दी गई, जिससे तस्करों को भनक तक नहीं लग सकी।
हथियारों की बरामदगी से मामला और गंभीर
छापेमारी के दौरान पुलिस को एमडी ड्रग तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला केमिकल रॉ मटेरियल मिला। इसके साथ ही 12 बोर की बंदूकें और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। हथियारों की मौजूदगी ने मामले की गंभीरता को और बढ़ा दिया है।
आपदा राहत के लिए हाईलाइट ख़बर 👇👇 चैनल को लाईक और सस्क्राइव ज़रूर करें
https://www.youtube.com/@naradhnews2424
तीन दिन से चल रही थी रेकी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, विशेष टीमें पिछले तीन दिनों से फैक्ट्री और आसपास के इलाके की रेकी कर रही थीं।
एसपी अमित कुमार फिलहाल भोपाल में हैं और वहीं से पूरे ऑपरेशन की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे थे।
दिलावर खान पठान के मकान में चल रही थी फैक्ट्री
जिस मकान में अवैध ड्रग फैक्ट्री संचालित हो रही थी, वह चिकलाना निवासी दिलावर खान पठान का बताया जा रहा है। उसका पूरा परिवार इसी परिसर में रहता है। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा कारणों से किसी भी परिजन को बाहर नहीं आने दिया गया, वहीं मीडिया को भी अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।
मध्य प्रदेश पुलिस की बड़ी उपलब्धि
पुलिस सूत्रों के अनुसार यह मध्य प्रदेश में पहला मामला है, जब राज्य पुलिस ने एमडी ड्रग बनाने की फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। इससे पहले इस तरह की कार्रवाई प्रायः एनसीबी या अन्य केंद्रीय एजेंसियों द्वारा की जाती रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क, सप्लाई चेन और अंतरराज्यीय कनेक्शन की जांच में जुटी है। आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां संभव बताई जा रही हैं।
Author: Naradh News24
प्रधान संपादक


