रतलाम, 14 अगस्त।
रतलाम ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 219 के विभिन्न ग्रामों के किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। ज्ञापन में जड़वासाकला, मलवासा, जड़वासाखुर्द, कलोरीकला, बाजनखेड़ा, सिमलावदाखुर्द, हतनारा, रिंगनिया सहित अन्य ग्रामों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए इनके शीघ्र निराकरण की मांग की गई।

ज्ञापन में किसानों की प्रमुख समस्या फसल बीमा राशि का भुगतान नहीं होने को बताया गया है। किसानों का कहना है कि उनके द्वारा फसल बीमा का प्रीमियम जमा किया गया था, लेकिन अभी तक क्षेत्र के किसानों को बीमा राशि प्राप्त नहीं हुई है। किसानों ने पात्र हितग्राहियों को जल्द फसल बीमा राशि दिलाए जाने की मांग की है।
जड़वासाकला-बांगरोद मार्ग के चौड़ीकरण की मांग
किसानों ने जड़वासाकला से बांगरोद पहुंच मार्ग के चौड़ीकरण की मांग भी रखी है। ज्ञापन के अनुसार यह मार्ग काफी संकरा है तथा इस पर बांगरोद खाटूश्याम आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के अलावा इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के टैंकरों एवं अन्य वाहनों की आवाजाही भी रहती है। संकरे मार्ग के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहने का हवाला देते हुए सड़क का चौड़ीकरण कराने की मांग की गई है।
सहकारी समितियों से नगद में खाद उपलब्ध कराने की मांग
ज्ञापन में सहकारिता विभाग एवं सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को रासायनिक खाद नगद में भी उपलब्ध कराने की व्यवस्था किए जाने की मांग की गई है। किसानों का कहना है कि इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को अपनी नजदीकी सहकारी समिति से खाद उपलब्ध हो सकेगी और उन्हें परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

पेंशन राशि नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया
ग्रामीण क्षेत्र के पेंशनरों की समस्या को भी ज्ञापन में प्रमुखता से उठाया गया है। ज्ञापन में कहा गया है कि ग्रामीण क्षेत्र के पेंशनरों को पिछले 4 से 5 माह से राशि प्राप्त नहीं हो रही है, जिसके चलते उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आगामी रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए पेंशन राशि शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
ज्ञापन के माध्यम से किसानों एवं ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से इन समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए समयबद्ध तरीके से समाधान कराने की मांग की है।
रतलाम ग्रामीण के किसानों ने उठाईं चार प्रमुख मांगें को टीवी युटुब पर देखने के लिए👎👎
https://www.youtube.com/@naradhnews2424
Author: Naradh News24
प्रधान संपादक


