रतलाम। आगामी गणेश चतुर्थी, डोल ग्यारस एवं अनंत चतुर्दशी सहित अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए रतलाम पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्थाएं तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में जिले के थाना प्रभारियों एवं अनुविभागीय अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर आयोजकों और आमजन से संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

इसी क्रम में नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया ने पुराने कंट्रोल रूम में गणेशोत्सव समितियों एवं पंडाल आयोजकों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
https://youtube.com/@mpnationalnews24 पुलिस ने पंडालों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे एवं उनकी निगरानी, व्यवस्थित प्रवेश-निकास, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षित विद्युत वायरिंग तथा आपातकालीन व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की समझाइश दी।
पुलिस ने आयोजकों से अफवाहों और भ्रामक सोशल मीडिया संदेशों से सावधान रहने तथा किसी भी विवाद अथवा संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की। रतलाम पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान पुलिस-प्रशासन, आयोजन समितियों और आमजन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखना प्राथमिकता है।



