रतलाम। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार शुक्रवार को पुलिस परेड ग्राउंड में जनरल परेड आयोजित हुई। रक्षित निरीक्षक मोहन भर्रावत के नेतृत्व में पुलिस जवानों ने पुलिस अधीक्षक अमित कुमार को सलामी दी। इसके बाद एसपी ने परेड का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों की वेशभूषा, अनुशासन और टर्नआउट की समीक्षा की।
परेड के दौरान उत्कृष्ट वेशभूषा एवं अनुशासन प्रदर्शित करने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया गया। एसपी ने पुलिस बल को कमांड कराते हुए शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और कर्तव्य के प्रति तत्परता का महत्व बताया।

परेड के बाद पुलिस लाइन का निरीक्षण
जनरल परेड के बाद एसपी अमित कुमार ने रक्षित केंद्र एवं पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। उन्होंने रोजनामचा, शस्त्र शाखा, वाहन शाखा और स्टोर शाखा के रिकॉर्ड का जायजा लेकर रिकॉर्ड संधारण एवं संसाधन प्रबंधन में सुधार के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसपी ने पुलिस लाइन के आवासीय परिसर, सामुदायिक भवन और लाइब्रेरी का भी निरीक्षण किया। लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे बच्चों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस दौरान एएसपी ग्रामीण विवेक कुमार लाल, एएसपी शहर राकेश पंद्रो, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, सीएसपी जावरा युवराज सिंह चौहान, डीएसपी ट्रैफिक आनंद स्वरूप सोनी, रक्षित निरीक्षक मोहन भर्रावत, सूबेदार अनोखीलाल परमार सहित थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।


